सेमरी में चोरों का धावा: घर की कुंडी खोलकर बक्से का ताला तोड़ा, सोना-चांदी और नगदी चोरी
पिछोर। ग्राम सेमरी में 21 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर कमरे की कुंडी खोलकर अंदर घुसे और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे इस्तेमाल किए हुए सोने-चांदी के जेवरात एवं कुछ नगदी राशि चोरी कर ले गए। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
प्राप्त जानकारी एवं FIR में दर्ज प्रथम सूचना के अनुसार विजय कुमार पुत्र कृपाशंकर श्रीवास्तव, उम्र 46 वर्ष, निवासी सेमरी ने थाना पिछोर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी के अनुसार वह अपने पिछोर स्थित मकान पर था। इसी दौरान उसके भांजे पुनीत श्रीवास्तव ने फोन कर सूचना दी कि घर में चोरी हो गई है।
सूचना मिलते ही विजय कुमार सेमरी पहुंचे। घर के कमरे में जाकर देखा तो बक्सा वहां नहीं था। आसपास तलाश करने पर बक्सा वर्सड़िया वाली पोर पर खाली मिला। बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं कुछ नगदी राशि गायब थी।
FIR में दर्ज जानकारी के मुताबिक चोरी की घटना 21 अगस्त 2026 की रात करीब 12:30 बजे से 2:00 बजे के बीच हुई। अज्ञात चोर ने कमरे की कुंडी खोलकर प्रवेश किया और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखा सामान चोरी कर लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पिछोर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच जहान सिंह, सहायक उप निरीक्षक (ASI) को सौंपी गई है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात चोर की तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों ने की जल्द खुलासे की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की वारदात का जल्द खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने, चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी बरामद करने तथा ग्राम सेमरी में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।


