- कल्दा क्षेत्र के पक्षी : पन्ना की जैवविविधता का गौरवपूर्ण दस्तावेज़
ब्यूरो चीफ: – मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश :-पन्ना जिले का सुदूर वनक्षेत्र कल्दा अपनी अद्भुत जैवविविधता के लिए देशभर में विशेष पहचान रखता है। यहां की हरियाली, प्राकृतिक संपदा और पक्षियों का मधुर कलरव इस क्षेत्र को अनोखा बनाता है। इसी धरोहर को संजोते हुए वनरक्षक वीरेन्द्र पटेल ने अपनी गहरी लगन और अथक परिश्रम से ‘कल्दा क्षेत्र के पक्षी’ नामक पुस्तक तैयार की है, जिसका विमोचन पवई विधायक माननीय श्री प्रहलाद लोधी जी के करकमलों द्वारा किया गया।

यह आयोजन सुरभि गौशाला मोहन्द्रा में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम के दौरान हुआ, जिसमें मुख्य वन संरक्षक छतरपुर श्री नरेश सिंह यादव, कलेक्टर पन्ना श्री सुरेश कुमार, पुलिस अधीक्षक पन्ना श्री साईं कृष्णा एस. थोटा, वनमंडलाधिकारी दक्षिण पन्ना श्री अनुपम शर्मा, मुख्यकार्यपालन अधिकारी पन्ना श्री उमराव सिंह मरावी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की और कहा कि यह संकलन भविष्य की पीढ़ियों के लिए धरोहर सिद्ध होगा।

📖 इस पुस्तक में कल्दा क्षेत्र में पाए जाने वाले लगभग 100 पक्षी प्रजातियों को उनकी सुंदर फोटोग्राफी के साथ संकलित किया गया है। इनमें से IUCN की रेड डाटा सूची की 3 गंभीर रूप से संकटग्रस्त, 1 लुप्तप्राय, 1 संकटग्रस्त और 3 निकट संकटग्रस्त प्रजातियां भी शामिल हैं। पुस्तक में पक्षियों के प्राकृतिक आवास, भोजन की आदतें, घोंसले बनाने की शैली और प्रजनन व्यवहार जैसे अनेक रोचक तथ्य संकलित हैं।
🌿 इस संकलन को प्रकाशित कराने में वनमंडलाधिकारी दक्षिण पन्ना श्री अनुपम शर्मा ने विशेष रुचि और योगदान दिया।
🌿 यह पुस्तक केवल पक्षी प्रेमियों और शोधकर्ताओं के लिए ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जैवविविधता के अध्ययन में रुचि रखने वाले सभी लोगों के लिए अनमोल धरोहर है।

✨ यह अवसर केवल एक पुस्तक विमोचन का नहीं था, बल्कि यह संदेश भी था कि यदि समर्पण और जुनून हो तो एक वनरक्षक भी प्रकृति संरक्षण की दिशा में बड़ी मिसाल कायम कर सकता है।




